Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh

7 अक्तूबर को काशी पहुंचेगी सेवा संकल्प यात्रा, शाह करेंगे स्वागत

वडनगर से आ रहे सेवा यात्री गुजरात की नदियों का जल लाएंगे, बाबा विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक

वाराणसी में सेवा संकल्प यात्रा के स्वागत की तैयारी

काशी और गुजरात के वडनगर से पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा 7 अक्तूबर को मंजिल तक पहुंच जाएगी। वडनगर से काशी आ रहे सेवा यात्रियों का स्वागत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

ये यात्री गुजरात की नदियों का जल साथ लेकर आ रहे हैं, जिससे काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कराया जाएगा।

कई बड़े नेता रहेंगे स्वागत में शामिल

सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी तथा प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी यात्रा में शामिल युवाओं का अभिनंदन करने पहुंचेंगे। पार्टी की स्थानीय इकाई के अनुसार एनडीए के किसी अन्य वरिष्ठ नेता को भी आमंत्रित करने पर मंथन जारी है, जिसका फैसला आने वाले दिनों में होगा।

जिले में प्रवेश करते ही बाइक सवार सेवा यात्रियों का स्वागत शुरू हो जाएगा, जो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने तक जारी रहेगा। हर स्वागत पॉइंट पर राज्यमंत्री और विधायकों की तैनाती होगी, जो स्वागत की अगुवाई करेंगे। स्वागत पॉइंट जल्द तय किए जाएंगे और तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।

फॉरेंसिक विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी संभव

अमित शाह इस दौरान जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी कर सकते हैं। इसके लिए तैयारियां अभी से जारी हैं। विश्वविद्यालय शुरू होने के बाद जांच प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है।

17 सितंबर को रवाना हुई थी यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन, 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं शुरू हुई थीं। वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने झंडी दिखाकर 250 बाइकों पर सवार 500 युवाओं को वडनगर की ओर भेजा था।

इसी तारीख को वडनगर से काशी जाने वाले जत्थे को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, अनुप्रिया पटेल व अन्य नेताओं ने विदाई दी थी। दोनों ओर से शुरू हुई ये यात्राएं लगभग 20 दिन का सफर तय कर 7 अक्तूबर को मंजिल तक पहुंचेंगी।

वाराणसी से वडनगर तक का यह सफर 10 राज्यों में फैले 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों को छूते हुए आगे बढ़ेगा। इस पूरी मुहिम में एक हजार से ज्यादा युवाओं के जुड़ने की तैयारी है। रास्ते में स्वच्छता, पौधरोपण और जल संरक्षण समेत 25 तरह की सेवा गतिविधियां चलाई जा रही हैं।