बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में दावत से लौट रही अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी गौरव राठौर समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि तीन अक्तूबर को उनकी पत्नी दोनों बेटियों के साथ पड़ोस के गांव में हुए जलसे की दावत में गई थी। वहां से लौटते समय पत्नी ने छोटी बेटी को परिचित युवक गौरव राठौर की बाइक पर बिठा दिया था।
जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि गौरव राठौर घर छोड़ने के बजाय किशोरी को जंगल की सुनसान जगह पर ले गया। उस वक्त रखवाली के लिए उसका दोस्त गौतम भी वहां मौजूद था। आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। परिवार की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
पुलिस ने दर्ज की एससी-एसटी की धारा
सीओ नीलेश मिश्रा ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।