वाराणसी में कोडिन कफ सिरप तस्करी मामले में कोर्ट ने मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की पत्नी वैशाली जायसवाल उर्फ वैशाली पोसवानी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने पुलिस को जल्द उसे पकड़कर पेश करने का आदेश दिया है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के कायस्थ टोला निवासी शुभम जायसवाल पहले से फरार चल रहा है। अब उसकी पत्नी वैशाली भी पुलिस की पहुंच से बाहर है।
जांच में सामने आया नाम
पुलिस के मुताबिक कोडिन कफ सिरप तस्करी से हुई कमाई और उससे जुड़ी संपत्तियों की जांच के दौरान वैशाली का नाम सामने आया। सिगरा थाना क्षेत्र में शराब के ठेके और कई अन्य संपत्तियों की जानकारी भी इस जांच में मिली।
पुलिस को आशंका है कि शुभम जायसवाल दुबई में छिपा हुआ है। उसकी पत्नी कहां है, इसकी अभी कोई पुख्ता जानकारी पुलिस के पास नहीं है।
कई जगह दबिश
कोतवाली प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वारंट जारी होने के बाद वैशाली की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस की कई टीमें जगतगंज स्थित उसके घर के साथ-साथ रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। कोर्ट के अधिपत्र में वैशाली का पता आदमपुर थाना क्षेत्र के कायस्थ टोला और जगतगंज दर्ज किया गया है।
तीन अन्य आरोपी भी तलाश में
इस तस्करी मामले में शुभम जायसवाल समेत तीन अन्य आरोपियों की भी पुलिस तलाश कर रही है। एसआईटी और पुलिस टीमें फरार आरोपियों के करीबियों से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही हैं।
जांच में जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रोहनिया पुलिस ने विकास सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर शुभम को फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार विकास सिंह भी कायस्थ टोला इलाके का रहने वाला है। उसने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपने फार्म से शुभम को प्रमाण पत्र जारी कराया था।