एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अंतिम चार में जगह पक्की कर ली है। क्वार्टर फाइनल मुकाबला जापान के निशिन शहर के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुआ, जहां भारत ने आठ विकेट से बाजी मारी।
जापान ने दिए 58 रन के लक्ष्य को भारत ने सिर्फ पांच ओवर में हासिल कर लिया। शेफाली वर्मा ने विनिंग सिक्स लगाकर टीम को जीत दिलाई। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों का सामना करते हुए छह चौकों और दो छक्कों की बदौलत नाबाद 40 रन जड़े। दूसरे छोर पर ऋचा घोष ने छह गेंद में दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए और नाबाद लौटीं।
जापान की पारी 57 रन पर सिमटी
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। यह फैसला सही साबित हुआ और जापान की टीम 19.5 ओवर में सिर्फ 57 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम को पहला झटका सातवें ओवर में लगा, इसके बाद पूरी पारी बिखर गई।
जापान के लिए ओपनर हारुना इवासाकी ने 10 रन और अयाका कातो स्टैफर्ड ने 47 गेंद में 25 रन बनाए। इन दोनों ओपनरों के अलावा कोई बल्लेबाज टीम के लिए ज्यादा योगदान नहीं दे सका।
श्री चरणी की चार विकेट की धारदार गेंदबाजी
भारत के लिए श्री चरणी ने चार विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा को दो सफलताएं मिलीं। गेंदबाजी में श्रेयंका पाटिल और दीप्ति शर्मा के खाते में एक-एक विकेट आया। जापान की तरफ से नोनोहा यासूमोतो और अयाका स्टैफर्ड ने भी एक-एक सफलता हासिल की।
भारतीय टीम ने इस मैच में बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग किया, लेकिन यह फैसला ज्यादा कामयाब नहीं रहा। शेफाली के साथ पारी की शुरुआत करने उतरीं गुणालन कमालिनी खाता भी नहीं खोल सकीं, जबकि तीसरे नंबर पर उतरीं भारती फुलमाली छह रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि शेफाली और ऋचा घोष ने बाकी काम आसानी से पूरा कर दिया।
सेमीफाइनल की दौड़ में श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमें भी शामिल हो गई हैं।
मलयेशिया को 86 रन के बड़े अंतर से मात देकर श्रीलंका ने भी अगले दौर का टिकट कटाया। वहीं पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड को हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया।
बांग्लादेश ने भी सेमीफाइनल की टिकट कटा ली है। बांग्लादेश और चीन के बीच होने वाला क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके बाद बेहतर सीडिंग के आधार पर बांग्लादेश को अगले दौर में जगह दी गई।
अब बांग्लादेश से होगा सामना
सेमीफाइनल में बांग्लादेश का मुकाबला 20 सितंबर को भारत और जापान के बीच जीत हासिल करने वाली टीम से होगा। यह मैच भी कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में ही खेला जाएगा। वहीं, उसी तारीख को दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा।