Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh
Breaking

वाराणसी में लेखपाल का मुंशी एक लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जमीन के दाखिल-खारिज के लिए मांगी गई रिश्वत, यूपी कॉलेज गेट के पास रंगेहाथ पकड़ा गया आरोपी मुंशी

वाराणसी में एंटी करप्शन टीम द्वारा रिश्वत लेते मुंशी की गिरफ्तारी का दृश्य

वाराणसी में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार दोपहर लेखपाल के निजी मुंशी अशोक कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। टीम ने उसे यूपी कॉलेज के गेट के पास रंगेहाथ पकड़ा। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

आरोपी मुंशी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर का रहने वाला है। एंटी करप्शन टीम अब मामले में नामजद लेखपाल कुंदन सिंह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कुंदन सिंह सदर तहसील के लंका सीरगोवर्धनपुर क्षेत्र का लेखपाल है।

क्या था मामला

एंटी करप्शन थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज सिंह के मुताबिक, शिवपुर थाना क्षेत्र के सरसवा जैपार उंदी निवासी कमल कांत विक्रम ने एंटी करप्शन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। कमल कांत ने बताया कि उनके पिता ओमप्रकाश सिंह ने पुश्तैनी जमीन बेचने के बाद दाखिल-खारिज के लिए आवेदन किया था।

शिकायत में आरोप है कि हलका लेखपाल कुंदन सिंह इस काम के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। पीड़ित और लेखपाल के बीच फोन पर बातचीत भी हुई। शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोप की जांच और सत्यापन किया।

यूपी कॉलेज गेट पर बिछाया गया जाल

जांच पूरी होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार को यूपी कॉलेज गेट के पास जाल बिछाया। लेखपाल ने रिश्वत लेने के लिए अपने निजी मुंशी अशोक कुमार को मौके पर भेजा। मुंशी ने पीड़ित कमल कांत को वहीं बुलाया और उससे एक लाख रुपये की रिश्वत ले ली।

रिश्वत लेते ही पहले से घात लगाई टीम ने अशोक कुमार को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से रिश्वत की रकम के साथ मोबाइल फोन भी बरामद किया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

निरीक्षक नीरज सिंह ने बताया कि पूछताछ में मुंशी ने कबूल किया कि वह लेखपाल के कहने पर ही रिश्वत लेने आया था। जब्त मोबाइल फोन में लेखपाल कुंदन सिंह और मुंशी अशोक के बीच रिश्वत के लेन-देन से जुड़ी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मिली है।

पुलिस के मुताबिक यह रिकॉर्डिंग मामले में अहम सबूत का काम करेगी। दोनों आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में भ्रष्टाचार समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एंटी करप्शन टीम लेखपाल कुंदन सिंह की तलाश में जुटी है।