वाराणसी में सीवर ओवरफ्लो की शिकायतों के बीच मंत्री ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिम्मेदार अफसरों को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
अफसरों को प्राथमिकता से काम पूरा करने का आदेश
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह और जलकल सचिव सुधीर कुमार को निर्देश दिए कि जलभराव, सीवर ओवरफ्लो और आवागमन से जुड़े काम प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके की स्थिति देखकर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम कराने पर भी जोर दिया।
इसी बीच स्थानीय लोगों ने मंत्री को सड़क चौड़ीकरण के बाद आवागमन में आ रही दिक्कतों से अवगत कराया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर, पार्षद संजू सरोज, पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, राकेश जायसवाल, भरत गुप्ता, विनोद गुप्ता और संतोष गुप्ता मौजूद रहे।
पिशाच मोचन में सीवर ओवरफ्लो न होने का दावा
रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पिशाच मोचन और रामनगर मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीवर, सफाई, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने पिशाच मोचन में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने को कहा। उन्होंने साफ किया कि यहां सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही तत्काल टीम भेजकर उसका निस्तारण कराया जाए। पिशाच मोचन और रामनगर मेला परिसर में जरूरत के अनुसार मोबाइल टॉयलेट लगाने और उनकी लगातार सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
पर्याप्त पेयजल टैंकर खड़े करने की भी हिदायत दी गई। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा गया।
रामनगर में विशेष स्वच्छता अभियान का निर्देश
इसके बाद नगर आयुक्त ने रामनगर रामलीला क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे रामनगर और मेला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।