आगरा में थाना न्यू आगरा क्षेत्र के खंदारी चौराहे के पास सर्विस रोड पर शनिवार देर शाम एक ऑटो चालक ने 12 वर्षीय किशोरी से छेड़छाड़ कर दी। डर के मारे किशोरी ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने चालक को दबोच लिया।
चालक नशे में प्रतीत हो रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई और गुस्साए लोगों ने बीच सड़क पर ही उसकी जमकर पिटाई कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, भीड़ से बचाया
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसी बीच इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और चालक को उग्र भीड़ से बचाकर सुरक्षित निकाला।
पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद किशोरी और उसके परिजनों से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया।
चालक ने बताई अपनी सफाई
पुलिस ने जब ऑटो चालक से पूछताछ की तो उसने सफाई देते हुए कहा कि ऑटो चलाने के दौरान गलती से उसका हाथ किशोरी को छू गया था। कोई लिखित शिकायत दर्ज न होने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया।