ग्वालियर में फर्नीचर का काम करने गए आगरा के 25 वर्षीय मजदूर यामीन की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन ने शाहगंज थाने में तहरीर देकर ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजन का कहना है कि मजदूरी के तीन लाख रुपये मांगने पर ठेकेदार ने यामीन की पिटाई की। यामीन न्यू ख्वासपुरा, शाहगंज के रहने वाले थे।
शादी के लिए जुटा रहे थे रकम
यामीन ग्वालियर में ठेकेदार यूनुस के साथ फर्नीचर बनाने का काम करते थे। परिजन के मुताबिक उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह 22 अक्तूबर को होने वाली अपनी शादी के लिए पैसे जमा कर रहे थे।
यामीन ने तीन लाख रुपये ठेकेदार यूनुस के पास रखवाए थे। करीब 20 दिन पहले जब वह घर आए, तो मां-पिता ने उन्हें ठेकेदार से रकम वापस लेने को कहा। इसके बाद यामीन फिर ग्वालियर लौट गए।
तबीयत बिगड़ने की सूचना, फिर खुला मारपीट का राज
26 सितंबर को परिजन को फोन आया कि यामीन की तबीयत बिगड़ गई है। भाई और रिश्तेदार जब ग्वालियर पहुंचे तो पता चला कि यामीन के साथ मारपीट हुई थी।
परिजन के अनुसार यामीन को रॉड और डंडे से पीटा गया था। इस पिटाई में उनकी गर्दन, पीठ और हाथ की हड्डियां टूट गईं। चेहरे और सिर पर भी चोट के निशान मिले।
इलाज के लिए यामीन को पहले ग्वालियर और फिर जयपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर 2 अक्तूबर को उन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया।
रविवार को मौत, पोस्टमार्टम में चोट की पुष्टि
रविवार को इलाज के दौरान यामीन की मौत हो गई। पिता अनवर ने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए शाहगंज थाने में तहरीर दी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजन ने ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि घटना ग्वालियर में हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर में लगी चोट बताया गया है। एसीपी ने बताया कि मामले में जीरो प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।