आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क किनारे गिरे बबूल के पेड़ को बचाने के प्रयास में पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर में बाइक सवार कौशिक आनंद को हल्की चोटें आईं, जबकि उनकी करीब 30 लाख रुपये कीमत की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कैसे हुआ हादसा
कौशिक आनंद आगरा से असम के गुवाहाटी शहर पिकनिक पर जा रहे थे। रास्ते में थाना बमरौली कटारा के पास तालाब के निकट सड़क किनारे कई दिनों से एक बबूल का पेड़ गिरा पड़ा था।
पेड़ से बचने की कोशिश में कौशिक की बाइक रास्ते में आ गई। पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी।
सेफ्टी गियर ने बचाई जान
कौशिक ने हादसे के समय पूरा सुरक्षा किट पहन रखा था। इसी वजह से वह गंभीर रूप से घायल होने से बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही बमरौली कटारा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घायल कौशिक को अपने साथ थाने ले गई।
स्थानीय लोगों का प्रशासन पर आरोप
घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का आवागमन इसी मार्ग से होता रहा है, फिर भी गिरे पेड़ की ओर किसी का ध्यान नहीं गया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि न प्रधान, न पुलिस और न ही वन विभाग ने अब तक इस खतरे को गंभीरता से लिया है।