मुंबई से रांची जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को रविवार सुबह खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण वाराणसी में डायवर्ट कर दिया गया। विमान सुबह 9 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1237 में करीब 135 यात्री सवार थे। विमान को सुबह 8.20 बजे रांची पहुंचना था, लेकिन करीब 8 बजे रांची के हवाई क्षेत्र में पहुंचते ही समस्या खड़ी हो गई। उस समय रांची में मौसम काफी खराब था और दृश्यता भी सीमित थी। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा के कारण लैंडिंग की अनुमति देने से इंकार कर दिया।
आधे घंटे तक आकाश में घूमता रहा विमान
लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विमान का चालक दल रांची के ऊपर लगभग 30 मिनट तक चक्कर लगाता रहा। मौसम में कोई सुधार न दिखने पर पायलट ने वाराणसी एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क साधा और वहां उतरने की अनुमति माँगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को वाराणसी के लिए भेज दिया गया।
यात्रियों के लिए विमान में ही व्यवस्था
वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्रियों को विमान से बाहर नहीं आने दिया गया। सभी 135 यात्री करीब एक घंटे तक विमान के अंदर ही बैठे रहे। एयरलाइन कंपनी ने इस दौरान यात्रियों को विमान में ही नाश्ते की सुविधा दी। विमान को ईंधन भी भरवाया गया।
एक घंटे बाद फिर से रवानगी
करीब एक घंटे के बाद रांची में मौसम सामान्य हो गया। इसके बाद विमान को दोबारा रांची के लिए रवाना करने की अनुमति मिल गई। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट सुबह 10.05 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से रांची की ओर उड़ान भर गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रांची में बिगड़ी दृश्यता को देखते हुए सावधानीपूर्वक विमान को वाराणसी में उतारा गया था। हालात बेहतर होते ही विमान को अपने गंतव्य की ओर भेज दिया गया।