सिविल लाइंस पुलिस चौकी, बदायूं के करीब एक साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में बर्तन साफ कर रहे कर्मचारी पर अचानक 500 लीटर पानी भरी प्लास्टिक की टंकी जा गिरी। टंकी के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई।
घटना गुरुवार देर रात की है, जब रेस्टोरेंट बंद करने का समय हो रहा था। मालगोदाम रोड निवासी कर्मचारी राकेश गंदे बर्तन धोने के लिए दुकान के बाहर बने स्थान पर गया था।
तेज हवा से टूटी डाल, गिरी टंकी
बर्तन धोने के दौरान अचानक तेज हवा चली। हवा के झोंके से पेड़ की डाल टकराई, जिससे दीवार पर रखे लकड़ी के पटले के ऊपर मौजूद पानी से भरी टंकी नीचे गिर पड़ी। टंकी के नीचे बैठा राकेश दब गया।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मुश्किल से टंकी हटाकर कर्मचारी को बाहर निकाला गया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह बेसुध हो गया था।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो महीने पहले शुरू हुआ था रेस्टोरेंट
रेस्टोरेंट के मालिक तमिलनाडु के मदुरै निवासी वरुण उर्फ सुनील हैं। इससे पहले वह मालगोदाम रोड स्थित क्रिश्चियन समाज की जमीन पर डोसे की एक छोटी दुकान चलाया करते थे। जमीन खाली कराए जाने के बाद करीब दो महीने पहले उन्होंने वहीं थूंगा नागरम तमिलनाडू साउथ इंडियन नाम से रेस्टोरेंट खोला था।
दुकान के बाहर छोटी सी जगह में उन्होंने बर्तन धोने की व्यवस्था बनाई थी। दीवार पर लकड़ी के पटले रखकर उस पर 500 लीटर की प्लास्टिक टंकी रखवाई गई थी, जिससे बर्तन धोने के लिए पानी का इस्तेमाल किया जाता था।
पुलिस चौकी से महज दस मीटर दूर हादसा
घटनास्थल पुलिस चौकी से मात्र दस मीटर की दूरी पर है। पास ही सपा नेता राजेश्वर सिंह का घर भी स्थित है। हादसे के बाद कुछ लोगों ने टंकी को नगर पालिका की वाटरकूलर टंकी बताया, लेकिन स्पष्ट हुआ कि टंकी दुकान के आगे सड़क किनारे लगी हुई थी।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की ओर से किसी भी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।