बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के टिसुआ गांव में नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 15 वर्षीय छात्र अनमोल की मौके पर ही मौत हो गई। अनमोल बाकरगंज गांव का रहने वाला था और 10वीं कक्षा में पढ़ता था।
हादसा उस समय हुआ जब अनमोल अपने दोस्त की बाइक लेकर सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक आए एक अनजान वाहन ने पीछे से उसे भीषण टक्कर मारी।
मौके पर ही गई जान
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनमोल को गंभीर चोटें आईं और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन घटना के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही फतेहगंज पूर्वी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है।
परिवार में हादसे की खबर से मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।