पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट शहर में एक मस्जिद पर हुए हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई और 73 अन्य घायल हुए हैं। पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी के अनुसार, विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी मस्जिद से जा टकराई थी।
मरने वालों में सात पुलिसकर्मी और एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। एपीपी के मुताबिक धमाके के बाद बंदूकधारियों ने पास के पुलिस केंद्र में घुसकर गोलीबारी भी की।
नमाज के दौरान हुआ हमला
बीबीसी के मुताबिक यह धमाका स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:15 बजे हुआ, जब मस्जिद में शुक्रवार की नमाज चल रही थी। बीबीसी वेरिफाई को मिले वीडियो में घटनास्थल पर मलबे का ढेर और घायलों की मदद करते लोग दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने एपीपी को बताया कि विस्फोट के बाद सात हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस केंद्र में घुसने की कोशिश की। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस के महानिरीक्षक जुल्फिकार हामिद ने इसे रॉयटर्स से बातचीत में "आत्मघाती हमला" बताया।
रॉयटर्स के मुताबिक पुलिस ने पुष्टि की है कि विस्फोट और उसके बाद हुई मुठभेड़ में सभी सातों हमलावर मारे गए। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी ने एक बयान में घायलों के "शीघ्र स्वस्थ होने की कामना" की। प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज़ शरीफ ने भी इस धमाके की निंदा की।
पाकिस्तान की सीमावर्ती इलाकों में हाल के महीनों में उग्रवादी गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं, जहां सशस्त्र समूह लगातार सेना और पुलिस को निशाना बना रहे हैं। इस्लामाबाद का आरोप है कि उग्रवादी अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल प्रशिक्षण और हमलों की योजना बनाने के लिए करते हैं। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार इस आरोप को खारिज करती है और कहती है कि उग्रवादी समूह पाकिस्तान की अपनी आंतरिक समस्या हैं।