यूपी के शाहजहांपुर जिले में एक श्मशान घाट पर जलती चिता पर मीट पकाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना पुवायां क्षेत्र के नत्थापुर गांव की है। 19 सितंबर को गांव के छोटेलाल का निधन हो गया था।
बेटे ने चिता पर देखा मीट पकता
20 सितंबर की दोपहर छोटेलाल का अंतिम संस्कार श्मशान घाट पर किया गया। शाम को उनका बेटा वीरपाल श्मशान घाट पर पहुंचा।
वहां उसने देखा कि तीन लोग चिता के पास बैठे हैं। पास जाने पर पता चला कि तीनों उसके पिता की जलती चिता पर मीट पका रहे थे।
चिता सुलग रही थी और उसके ऊपर एक कटोरी में मीट पक रहा था। वीरपाल ने एक आरोपी को तुरंत पकड़ लिया, बाकी दो वहां से भाग निकले।
सूचना मिलने पर परिवार के लोग और गांव के कई लोग श्मशान घाट पर जमा हो गए। पुलिस पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।
तीनों नामजद गिरफ्तार
परिवार ने नत्थापुर झंझटपुर गांव के राजेंद्र, सुरेंद्र और रामचरन के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बाद में तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
परिजनों का तंत्र-मंत्र का आरोप
परिजनों का दावा है कि सुरेंद्र अपने साथी रामचरन और राजेंद्र के साथ तंत्र-मंत्र कर रहा था। उनका आरोप है कि इसी वजह से मुर्गे का मीट चिता पर पकाया जा रहा था।
गांव के अन्य लोग भी इस घटना को तंत्र विद्या से जोड़कर देख रहे हैं। मृतक के परिवार में इस हरकत को लेकर गहरा आक्रोश है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।