यूपी के सीतापुर जिले में पुलिस ने एक ठग दंपति को गिरफ्तार किया है, जिसकी तलाश छह राज्यों की पुलिस कर रही थी। कन्नौज के रहने वाले रोहित बाजपेई और उसकी पत्नी अन्नू को शहर कोतवाली पुलिस ने दबोचा।
दोनों पढ़ाई में बेहद कमजोर रहे हैं। रोहित छठी कक्षा में फेल हो गया था, जबकि अन्नू ने सिर्फ पांचवी तक पढ़ाई की है। इसके बावजूद दोनों फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर पढ़े-लिखे लोगों को भी आसानी से झांसे में ले लेते थे।
बैंक मैनेजर और आयकर अधिकारी बनकर ठगी
सीतापुर के एसपी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक रोहित खुद को पंजाब नेशनल बैंक की मिश्रिख शाखा का मैनेजर बताता था। वहीं अन्नू खुद को वित्त मंत्रालय में आयकर निरीक्षक बताती थी। पुलिस के अनुसार इस जोड़ी ने देशभर में 50 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।
अगस्त महीने में यह दंपति सीतापुर के मोहल्ला प्रेमनगर में रामनरेश जायसवाल के मकान में किराए पर रहने आया था। वहीं से इन्होंने अपना जाल बिछाया। दोनों ने रामनरेश और उनके दो परिचितों को नीलाम होने वाले सोने के सिक्के सस्ते दाम पर दिलाने और पुराने कटे-फटे नोट बदलवाने का झांसा दिया।
तीन लोगों से 27 लाख की ठगी
इस फरेब में रामनरेश से 22 लाख रुपये, लांड्री संचालक अतुल से 4 लाख रुपये और प्रेमलता से 1 लाख रुपये, यानी कुल 27 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। 14 सितंबर को ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
जांच में सामने आया कि यह दंपति उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और ओडिशा समेत कई राज्यों में वांटेड था। गाजियाबाद, बनारस, कुशीनगर और झांसी समेत पांच राज्यों में इनके खिलाफ 10 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2005 से ठगी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 14 लाख रुपये नकद, करीब 38.740 ग्राम सोने के आभूषण, फर्जी पहचान पत्र और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ठगी की रकम से ही आरोपियों ने जेवर और मोबाइल फोन खरीदे थे।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।