एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 बुधवार सुबह फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही थी कि अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को एक हाईजैक अलर्ट मिला। अंतरराष्ट्रीय स्क्वॉक 7500 कोड कुछ सेकंड के लिए ट्रांसमिट हुआ, जिससे सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हो गईं।
यह संकेत पाते ही विमान को जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर सुबह लगभग 9:35 बजे से 9:45 बजे के बीच जयपुर में सुरक्षित लैंड हुई। विमान पर 306 यात्री सवार थे।
सुरक्षा जाँच शुरू
लैंडिंग के बाद विमान को एक अलग बे में ले जाया गया। सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और बम डिटेक्शन दल ने विमान, यात्रियों और सामान की जाँच की। सभी यात्री सुरक्षित पाए गए।
अलर्ट कैसे ट्रिगर हुआ?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पायलट ने गलती से स्क्वॉक 7500 अलर्ट भेजने वाला बटन दबा दिया। लेकिन पायलट ने इस दावे को खारिज किया है और कहा है कि वह ऐसा नहीं कर सकते। उन्होंने विमान में एक तकनीकी खराबी की ओर इशारा किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार, घटना में बम की धमकी नहीं, बल्कि हाईजैकिंग की अफवाह थी। भारतीय नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस घटना की जाँच शुरू की है ताकि यह पता चले कि स्क्वॉक 7500 कोड किसने या कैसे सक्रिय किया।