Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh

दिल्ली में नाबालिग से रेप-हत्या पर राहुल-प्रियंका का सरकार पर हमला

कांग्रेस नेताओं ने अमित शाह और दिल्ली पुलिस से महिला सुरक्षा को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की

दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन का प्रतीकात्मक दृश्य

दिल्ली में एक 17 साल की नाबालिग बच्ची से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई और शव खुले मैदान में फेंक दिया गया। इस घटना के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखे सवाल उठाए हैं।

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि दिल्ली में बच्ची के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं और बाद में उसकी बर्बरता से हत्या कर दी गई। उन्होंने कुछ दिन पहले एक अन्य नाबालिग लडक़ी के साथ हुए बलात्कार का भी हवाला दिया।

प्रियंका गांधी बोलीं- एफआईआर तक दर्ज नहीं होती

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि देश में महिला सुरक्षा को लेकर कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि महिलाओं के विकास की सिर्फ खोखली बातें होती हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सुरक्षा के हालात बदतर हैं।

उन्होंने कहा कि सैकड़ों महिलाओं पर अत्याचार और हिंसा होती है, लेकिन पीडि़ताएं अपराधियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की उम्मीद नहीं कर सकतीं क्योंकि कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती। प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल, आजादी और बराबरी दिलाने में सरकार और समाज, दोनों नाकाम साबित हुए हैं।

राहुल गांधी ने अमित शाह से पूछा जिम्मेदारी का सवाल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राजधानी में इतनी बड़ी दरिंदगी होने के बावजूद पुलिस को कई दिनों तक भनक नहीं लगी।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि दिल्ली अब सिर्फ नाम की राजधानी रह गई है, जहां महिलाओं को रोज डर के साये में जीना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, अमित शाह जी, दिल्ली पुलिस आपके ही मंत्रालय के तहत काम करती है, ऐसे में महिलाओं की सुरक्षा का जवाब आखिर कौन देगा। उन्होंने पूछा कि क्या दिल्ली पुलिस सिर्फ सामान्य लोगों पर सख्ती दिखाने तक सीमित रह गई है, वहीं अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने मांग की कि दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, उन्हें कड़ी सजा मिले और इस लापरवाही की जवाबदेही तय की जाए। राहुल गांधी के अनुसार, जब तक महिलाएं सुरक्षित नहीं होंगी, तब तक देश तरक्की की राह पर नहीं चल सकता।

घटना को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है और विपक्ष लगातार भाजपा सरकार तथा दिल्ली पुलिस पर सवाल उठा रहा है। अभी तक इस मामले में आगे की कार्रवाई या गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

With inputs from 4PM News