हरदोई के बिलग्राम ब्लाक स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर गोवा में बच्चे रोज़ कीचड़ से गुज़रकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। साण्डी रोड पर स्थित यह स्कूल गंदे पानी और कीचड़ से घिरा रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हाल सिर्फ बरसात में नहीं, बल्कि आम दिनों में भी बना रहता है। शिकायतें बार-बार अधिकारियों तक पहुंचाई गईं, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
जर्जर भवन, बढ़ी चिंता
स्कूल का भवन भी जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। शिक्षकों ने बताया कि हालात सुधारने की कई बार मांग की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
कीचड़ में चलने से बच्चों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। कई बच्चों को फोड़े-फुंसी जैसी समस्याएं हो रही हैं।
सपा नेता पहुंचे स्कूल
सपा नेता रामज्ञान गुप्ता अपनी टीम के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों की समस्याएं सुनीं।
इसके बाद उन्होंने डीएम राहुल पाण्डेय के सीयूजी नंबर पर बात की। उन्होंने जलभराव की समस्या के समाधान के साथ स्कूल परिसर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण की मांग रखी।
ड्रेस और मिड-डे मील पर भी सवाल
गुप्ता ने बताया कि कई बच्चों को अभी तक स्कूल ड्रेस नहीं मिली है। मिड-डे मील में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई है।
गुप्ता के अनुसार डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान रामू यादव, श्याम गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, सच्चिदानंद त्रिपाठी और विकास त्रिपाठी समेत सैकड़ों ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे।