कानपुर के नवाबगंज इलाके में एक साइबर ठग ने खुद को लंदन निवासी बताकर एक ही कॉलेज की दो बीए छात्राओं को इंस्टाग्राम पर दोस्ती के जाल में फंसाया। बाद में उनकी निजी तस्वीरें मंगवाकर ब्लैकमेल किया और दोनों से कुल 40 हजार रुपये हड़प लिए।
आजादनगर के पहलवानपुरवा निवासी एक छात्रा के पिता ने नवाबगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनकी बेटी बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है।
जुलाई में शुरू हुई दोस्ती
पिता के अनुसार जुलाई में अली जैन नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर बेटी को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। उसने खुद को लंदन में रहने वाला बताया।
कुछ दिन बाद उसने बेटी को कॉल किया। उसने 20 लाख रुपये कीमत के सोने के गहनों का पार्सल भेजने की बात कही।
आरोपी ने कस्टम ड्यूटी के नाम पर 22 हजार रुपये मंगवा लिए। इसके बावजूद छात्रा को कोई गहने नहीं मिले।
तस्वीरें मंगवाकर बनाया दबाव
इसके बाद भी ठग छात्रा और उसकी सहेली से लगातार बातचीत करता रहा। बातचीत के दौरान उसने भावनात्मक दबाव बनाया।
इसी दबाव में उसने दोनों से कुछ निजी तस्वीरें अपने मोबाइल पर मंगवा लीं। फिर उसने इन तस्वीरों को मोबाइल नंबर के साथ सोशल मीडिया और अन्य साइटों पर अपलोड करने की धमकी दी।
धमकी के बाद उसने दोनों छात्राओं से 20 हजार रुपये और वसूल लिए। इस तरह ठग ने दोनों से कुल 40 हजार रुपये ऐंठ लिए।
घटना के बाद से दोनों युवतियां दहशत में हैं।
जांच में जुटी पुलिस
नवाबगंज इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि अली जैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर, इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप संपर्क, क्यूआर कोड और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच की जा रही है।