कानपुर में शनिवार शाम स्कूटी चलाते समय एक रिटायर्ड ईएनटी सर्जन को हार्ट अटैक आया और गिरकर उनकी मौत हो गई। घटना बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के आनंदपुरी गेट के पास हुई।
मृतक की पहचान किदवई नगर बी ब्लॉक निवासी 67 वर्षीय डॉ. नरेश चंद्रा के रूप में हुई। वह बिरहाना रोड पर अपनी क्लीनिक चलाते थे और साल 2021 में केपीएम अस्पताल से ईएनटी सर्जन पद से रिटायर हुए थे।
क्लीनिक बंद कर लौट रहे थे घर
परिजनों के अनुसार डॉ. चंद्रा शनिवार शाम करीब 5:30 बजे क्लीनिक बंद कर घर लौट रहे थे। आनंदपुरी गेट के पास स्कूटी चलाते समय उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा।
संतुलन बिगड़ने पर बेकाबू स्कूटी स्पीड ब्रेकर से उछल गई और वह सड़क पर गिर पड़े। गिरने से उनके हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि डॉक्टर को स्कूटी चलाते समय हार्ट अटैक आया था और नियंत्रण खोने से वह सड़क पर गिर गए। मौके पर पहुंचने पर परिजनों को सूचना दी गई।
राहगीरों ने उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में मौत के कारणों की पुष्टि
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में हार्ट अटैक के साथ-साथ सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद भैरोघाट में डॉ. चंद्रा का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
साथी डॉक्टरों ने जताया शोक
एसोसिएशन ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया के सचिव डॉ. बृजेंद्र शुक्ला ने कहा, "बेहतर डॉक्टर ही नहीं बल्कि जिंदादिल इंसान भी हमने खो दिया।"
केपीएम के वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आरबी जायसवाल ने कहा, "वह सिर्फ नाम के वरिष्ठ नहीं थे, बल्कि उनके काम और स्वभाव में भी बड़प्पन झलकता था।" उन्होंने आगे कहा कि उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला।
डॉ. नरेश चंद्रा शहर के जाने-माने वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञों में गिने जाते थे।