कानपुर के पटकापुर चटाई मोहाल में शुक्रवार को एक सर्राफ के घर से चोरों ने अलमारी का लाकर तोड़कर करीब 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये उड़ा लिए। चोरी का यह सामान करीब 60 लाख रुपये से अधिक कीमत का बताया जा रहा है।
घटना के वक्त घर पर सिर्फ सर्राफ की पत्नी और बेटी मौजूद थीं। पीड़ित शहर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनका बेटा दुकान संभाल रहा था। इस दौरान चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
दुकान से लौटते ही खुली अलमारी दिखी
चाैक इलाके में प्रियंक ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाने वाले किशोर सिंह चटाई मोहाल के रहने वाले हैं। उनके परिवार में पत्नी सुशीला, बेटा अभय और बेटी प्रियंका हैं। किशोर सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर पहुंचे, कुछ देर बाद उनका बेटा भी दुकान बंद कर घर आ गया।
घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद भूतल पर बने कमरे में अलमारी खुली नजर आई। जांचने पर पता चला कि उसमें लगा लाकर भी खुला था और उसमें रखी करीब 30 किलो चांदी व 75 हजार रुपये नदारद थे। यह जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस कर रही कैमरों की जांच
सूचना पर फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष रीना सिंह ने बताया कि घर के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके।
पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात कब और किस तरह अंजाम दी गई। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि चोर कैसे घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हुए।