मेरठ के एसएसपी कार्यालय में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने चाकू निकालकर खुद को घायल करने की कोशिश की। महिला अधिकारियों से मुलाकात न होने पर आक्रोशित हो गई थी।
सरधना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली यह महिला दोपहर करीब तीन बजे एसएसपी दफ्तर पहुंची थी। गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे रोक दिया और बताया कि एसएसपी कार्यालय में मौजूद नहीं हैं।
दूसरी बार भी नहीं मिली मुलाकात
महिला ने बताया कि वह मंगलवार को भी दफ्तर आई थी, लेकिन तब भी कोई अधिकारी नहीं मिला था। जवाब सुनते ही महिला ने हंगामा शुरू कर दिया और पर्स से चाकू निकाल लिया।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो महिला ने खुद पर वार करने की धमकी दे दी। उसने अपने हाथ पर कई जगह चाकू मारे, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सहम गए। घटना की सूचना सिविल लाइंस थाना और महिला थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों थानों की टीमें मौके पर पहुंचीं।
आधे घंटे बाद छीना चाकू
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर अरुण भाटी ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार उग्र बनी रही और खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी देती रही। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद इंस्पेक्टर भाटी ने महिला को झांसा देकर उससे चाकू छीन लिया। इस दौरान उनके हाथ में भी चोट लग गई।
महिला ने पुलिस को बताया कि विनय नाम का एक युवक उसे लगातार परेशान कर रहा है। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता है। महिला के मुताबिक वह इस मामले में कई बार सरधना थाने जाकर शिकायत कर चुकी है, लेकिन पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उसने कहा कि अब उसका घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
पति बोले, मानसिक रोग का चल रहा इलाज
चाकू छीनने के बाद महिला को महिला थाने भेजा गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने महिला के पति को घटना की जानकारी दी, जो थाने पहुंच गए। पति ने पुलिस को बताया कि महिला का मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। डाक्टरी जांच के बाद पति महिला को अपने साथ ले गए।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि महिला ने एसएसपी दफ्तर में चाकू से खुद पर हमला करने की कोशिश की और हाथ पर कई जगह चाकू मारे। उन्होंने कहा, "पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला से किसी तरह चाकू छीना। महिला का मेडिकल कराया जा रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।"