दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर पर चलने वाली नमो भारत ट्रेन के समय को लेकर यात्रियों ने मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि इसे दिल्ली मेट्रो की तरह सुबह 5 बजे से रात 11.30 बजे तक चलाया जाए।
वर्तमान में नमो भारत सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ही चलती है, जबकि दिल्ली मेट्रो सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक सेवा देती है। रोजाना करीब 1.10 लाख यात्री नौकरी व अन्य कामों से दिल्ली की ओर इसी ट्रेन से सफर करते हैं।
24 घंटे संचालन की भी उठी मांग
कई यात्रियों ने समय बढ़ाने के साथ-साथ ट्रेन को 24 घंटे चलाने की मांग भी रखी है। वहीं भारतीय रेलवे से नमो भारत में यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों ने मासिक पास देने की मांग तेज कर दी है।
इसके लिए यात्रियों ने राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी और सांसद अरुण गोविल से मुलाकात की। साथ ही केंद्रीय शहरी विकास मंत्री को भी पत्र भेजा गया है।
गुरुग्राम जाने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कत
गुरुग्राम में नौकरी करने वाले अधिकांश लोग अब कार छोड़कर नमो भारत से सफर करना पसंद करते हैं, क्योंकि यह उन्हें समय पर पहुंचा देती है। लेकिन लौटते समय किसी काम में देरी होने पर वे रात 10 बजे तक सराय काले खां नहीं पहुंच पाते।
दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम से लौटने वाले बड़ी संख्या में यात्री देर से रवाना होते हैं। यात्रियों का कहना है कि रात 11 बजे तक संचालन उचित रहेगा।
दिल्ली मेट्रो की आखिरी ट्रेन रात 11 या 11.30 बजे चलने के कारण कई यात्री भूल जाते हैं कि नमो भारत की आखिरी ट्रेन रात 10 बजे ही निकल जाती है। इस वजह से कई यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है।
शिफ्ट में काम करने वाले यात्रियों को रात में ट्रेन की सुविधा नहीं मिल पाती। यात्रियों का सुझाव है कि देर रात ट्रेन को आधे घंटे के अंतराल पर चलाया जा सकता है।