रेलवे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आया है। रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC), जयपुर ने अप्रेंटिस पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और 6 नवंबर 2026 तक चलेगी।
यह भर्ती उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से निकाली गई है। अप्रेंटिस एक्ट 1961 के तहत कुल 2,008 ट्रेनिंग स्लॉट भरे जाएंगे। यह भर्ती 2026-27 सत्र के लिए होगी।
योग्यता और उम्र सीमा
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा में कम से कम 50% अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार का ITI पास होना भी अनिवार्य है।
उम्र सीमा की गणना 6 नवंबर 2026 को आधार मानकर की जाएगी। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 साल और अधिकतम आयु 24 साल तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार उम्र में छूट मिलेगी।
आवेदन प्रक्रिया और फीस
इच्छुक उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन कर सकेंगे। आवेदन आधिकारिक वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाकर करना होगा। ऑफलाइन या किसी अन्य तरीके से भेजे गए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन के लिए सबसे पहले वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन कर व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी।
सामान्य वर्ग सहित अन्य सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 100 रुपये जमा करने होंगे। एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
बिना परीक्षा होगा चयन
इस भर्ती की खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट से होगा।
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा नोटिफिकेशन पढ़ें। अंतिम तिथि से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखें।