जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोट में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार शाम जियारत मोड़, सना इलाके में यह घटना सामने आई।
स्थानीय लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को बेहोशी की हालत में देखकर तुरंत जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान हुई
पुलिस ने मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद के रूप में की है, जिनका बैज नंबर 408/आरबीएन था और जो भट्टी रामबन के रहने वाले थे। दूसरे मृतक सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल मोहम्मद याकूब थे, जिनका नंबर 309/आरबीएन था और जो जटगली रामबन निवासी थे।
दोनों जिला पुलिस लाइंस, रामबन में तैनात थे। पुलिस के मुताबिक दोनों फिएट वियास कार नंबर जेके-19/5299 में बेहोश हालत में मिले थे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी रात करीब 8:30 बजे मिली।
घटना के बाद एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस ने मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिली कार की भी छानबीन कर रही है। इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
परिवारों में मातम
पुलिस ने दोनों मृतकों के परिवारों को सूचना दे दी है। खबर मिलते ही दोनों घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।