चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र स्थित बिरना गांव में बुधवार रात चोरों ने एक बंद मकान से 1 लाख 60 हजार रुपये नकद और लाखों के जेवर चुरा लिए। वारदात की पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
फुटेज में कुछ संदिग्धों के हाथ में असलहा भी नज़र आया है। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई जब परिवार के सदस्य नए मकान पर पहुंचे।
घर में बिखरा मिला सामान
कमरों का सामान अस्त-व्यस्त देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। यह मकान गांव निवासी भानु मौर्य का है, जिसकी दूसरी मंजिल पर अभी निर्माण कार्य चल रहा है।
परिवार के सदस्य रोज़ रात नए मकान को बंद कर पुराने घर में सोने चले जाते थे। बुधवार रात भी सभी सदस्य पुराने घर में सो गए, और इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर बंद मकान में प्रवेश कर लिया।
चोरों ने घर के हर कमरे को खंगाल डाला। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर 1 लाख 60 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण भी ले गए।
सुबह सामान बिखरा देखने के बाद परिवार ने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
लगातार चोरी से ग्रामीण नाराज़
धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में गुस्सा है। कुछ दिन पहले धानापुर ब्लॉक मुख्यालय के पास हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हो गया था।
इसी तरह नरौली काली मंदिर से भी 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना सामने आई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी घटनाओं के बावजूद कई मामले अब तक सुलझ नहीं पाए हैं, जिससे चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाए। धानापुर थाना प्रभारी श्री प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।