उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तारीखें घोषित कर दी हैं। दोनों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा और 27 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।
मौजूदा समय में वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र से आशुतोष सिन्हा और शिक्षक क्षेत्र से लाल बिहारी यादव सदस्य हैं। दोनों का कार्यकाल छह दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है, इसी वजह से यह चुनाव कराया जा रहा है।
नामांकन से मतगणना तक की तारीखें
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह अक्टूबर रखी गई है।
सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 27 अक्टूबर को मतगणना होगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक समाप्त कर ली जाएगी।
आचार संहिता लागू, नियमों का करना होगा पालन
जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की तरफ से बताया गया कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी। उम्मीदवारों और सभी पक्षों को आयोग के तय नियमों का पालन करना होगा।
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में वोटिंग की प्रक्रिया सामान्य विधानसभा चुनाव से अलग होती है। यहां मतदान तय मतदाता सूची के आधार पर कराया जाता है।
बता दें कि यह चुनाव पूरे प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए हो रहे बड़े चुनावी अभियान का हिस्सा है, जिसमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।