मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह 9:30 बजे अपने सरकारी आवास से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत लघु और सीमांत किसानों को छह प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण मिलेगा।
अभी तक उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से किसानों को 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिलता था। नई व्यवस्था में यह दर सीधे घटकर छह प्रतिशत रह जाएगी।
384 करोड़ रुपये मंजूर, छह लाख तक मिलेगा कर्ज
सरकार ने इस योजना के लिए 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। किसान सहकारी ग्राम विकास बैंक से छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत ब्याज पर ले सकेंगे।
जो किसान पहले से कर्ज ले चुके हैं और नियमित रूप से किस्त चुका रहे हैं, उन्हें भी ब्याज अनुदान का फायदा मिलेगा। ऋण की मंजूरी पूरी तरह आनलाइन पोर्टल के जरिए होगी, जिससे प्रक्रिया आसान बनेगी।
सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को इस योजना से जोड़ना है।
भारत टैक्सी सेवा भी होगी शुरू
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ करेंगे। यह सेवा अप्रैल से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चल रही है और अब तक करीब 50 हजार टैक्सी चालक इससे जुड़ चुके हैं।
इनमें से 40 हजार चालक अकेले लखनऊ के हैं। सेवा के तहत चालकों को पांच लाख रुपये तक के बीमा का लाभ मिलेगा और उनसे कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा।
तीन नए पोर्टल और ऐप भी लांच होंगे
कार्यक्रम में कृषक समृद्धि योजना का ई-पोर्टल भी लांच होगा। साथ ही सहकारिता विभाग का ऊर्वरक सेतु मोबाइल ऐप और उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव डेटाबेस सेंटर का मोबाइल ऐप भी जारी किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत संबंधित विभागों के मंत्री मौजूद रहेंगे।