उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बारिश के बाद हुए जलभराव ने स्कूली बच्चों की राह मुश्किल कर दी है। मुस्करा कोतवाली इलाके में एक पिता ने अपने बच्चे को स्कूल पहुंचाने के लिए दो लकड़ी के तख्तों और रस्सी से जुगाड़ नाव बनाई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह मामला मुस्करा के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के हॉस्टल के पास का है। यह एक सरकारी आवासीय विद्यालय है, जहां सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते पानी जमा हो गया है।
सड़क निर्माण बना वजह
स्थानीय निवासी मोहम्मद यूनुस ने बताया कि इलाके में जलभराव की मुख्य वजह चल रहा सड़क निर्माण कार्य है। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी निर्माण कार्य के कारण हॉस्टल के आसपास का इलाका पानी से घिर गया, जिससे वहां रहने वाले छोटे बच्चों के परिजन परेशान हो गए।
रोज की आवाजाही की इस समस्या से निपटने के लिए ग्रामीणों ने खुद ही यह लकड़ी की नाव बनाई। इसी नाव के सहारे अब हॉस्टल में रहने वाले बच्चों को सुरक्षित रूप से स्कूल तक पहुंचाया जा रहा है।
सड़क की ऊंचाई भी बढ़ाई
स्थानीय लोगों ने पानी से निकलने के लिए सड़क की ऊंचाई भी खुद बढ़ाने की कोशिश की है। बावजूद इसके, दो लकड़ी के तख्तों से बना यह अस्थायी रास्ता अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
इस वीडियो में बच्चों को जुगाड़ नाव में बैठाकर ले जाया जा रहा है, जिसे एक स्थानीय निवासी ने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया। इस वीडियो ने स्थानीय प्रशासन की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासन पर उठे सवाल
जलभराव वाली सड़क से रोजाना गुजरना बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है, फिर भी स्कूल और कोचिंग जाने के लिए उन्हें यह जोखिम भरा तरीका अपनाना पड़ रहा है। अब तक प्रशासन की ओर से इस समस्या के समाधान को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।