भारतीय वुशू को एक बड़ी खुशखबरी मिली। भारत को पहली बार एशियन सीनियर वुशू चैंपियनशिप की मेजबानी मिल गई। 2028 में होने वाली इस चैंपियनशिप का आयोजन देश में होगा।
जापान के आइची-नागोया में शनिवार को वुशू फेडरेशन आफ एशिया की कांग्रेस बुलाई गई। इसी मीटिंग में भारत को यह जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया गया। मेरठ के सुहेल अहमद ने वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया की ओर से भारत का प्रतिनिधित्व किया।
500 खिलाड़ियों की भीड़ उतरेगी
इस चैंपियनशिप में एशिया के करीब 42 देशों के लगभग 500 खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों के साथ विभिन्न देशों से कोच, निर्णायक, तकनीकी अधिकारी और खेल पदाधिकारी भी भारत पहुंचेंगे। देश में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वुशू का यह सबसे बड़ा आयोजन होगा।
दूसरी बड़ी उपलब्धि
इसी कांग्रेस में भारतीय वुशू के लिए एक और महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बाजवा को वुशू फेडरेशन आफ एशिया की कार्यकारिणी का सदस्य नामित किया गया। बाजवा मेरठ के रहने वाले हैं।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि भारत को यह मौका गर्व का विषय है। उन्होंने कहा, "चैंपियनशिप को यादगार बनाने के लिए भारतीय वुशू परिवार को एक मिशन और दृष्टि के साथ काम करना होगा।" उन्होंने जोड़ा कि भारत द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठन और भव्यता के लिए नया मानदंड स्थापित करे।
वुशू एसोसिएशन आफ इंडिया ने विश्व वुशू महासंघ का आभार जताया है। एसोसिएशन के अनुसार, चैंपियनशिप की मेजबानी और बाजवा का अंतरराष्ट्रीय निकाय में शामिल होना भारतीय वुशू के लिए दोहरी उपलब्धि है।