कासगंज जिले के पटियाली कोतवाली क्षेत्र के घोसगंज गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर 76 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। घटना शुक्रवार रात हुई, जब पूरा परिवार घर से कुछ दूरी पर बने घेर में पशुओं की रखवाली के लिए सोया हुआ था।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोर परिवार के घर से अनुपस्थित होने का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने में कामयाब हुए।
पशुओं की रखवाली में गया था परिवार
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, घोसगंज निवासी कुलदीप सिंह पुत्र गणपति शुक्रवार शाम रोज की तरह अपने घर में ताला डालकर पत्नी और बच्चों के साथ कुछ दूरी पर स्थित घेर में पशुओं की देखभाल के लिए चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर हैरान रह गए।
घर के अंदर जाकर देखने पर पता चला कि बक्से और अलमारी के ताले भी तोड़ दिए गए थे और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपी 112 की टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पीड़ित कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर तंबाकू बेचकर घर में रखे गए 76 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की जंजीर, सोने की झुमकी, सोने की दो अंगूठियां, चांदी की पायल, चांदी के हाथफूल और चांदी का कमर का गुच्छा सहित कई कीमती सामान चुरा ले गए।
अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दर्ज
पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ पटियाली कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है।