ललितपुर के पनारी गांव में एक मकान से नकली खाद बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई है। जिला कृषि अधिकारी रंजीत कुमार चौरसिया की टीम ने बुधवार दोपहर छापा मारकर यह कार्रवाई की।
मौके से 217 बोरी तैयार खाद के साथ भारी मात्रा में खाली बोरियां और पैकिंग सामान मिला। फैक्ट्री को तुरंत सील कर दिया गया है।
कैसे हुआ भंडाफोड़
सूचना मिलने पर टीम पंचमुखी हनुमान मंदिर के सामने वाली गली में पहुंची। वहां चार लोग मिले, जबकि पूछताछ शुरू होते ही दो लोग मौके से भाग निकले।
तलाशी के दौरान 217 बोरी नकली खाद, 135 नई खाली बोरियां और 154 पीडीएम की खाली बोरियां बरामद हुईं। मौके से कांटा और बोरी सिलाई मशीन भी जब्त की गई।
इफको के नाम पर धोखा
एसडीएम सदर हेमंत पटेल ने बताया कि आरोपित असली पीडीएम खाद को नकली इफको ब्रांड की बोरियों में भरकर बेच रहे थे। इसे डीएपी खाद बताकर किसानों को ऊंचे दाम पर बेचा जा रहा था।
बाजार में पीडीएम खाद की एक बोरी सामान्यतः 450 से 500 रुपये में मिलती है, जबकि इसे डीएपी के नाम पर कहीं अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था।
जांच और कार्रवाई जारी
एसडीएम हेमंत पटेल और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई।
मकान कैलाश पुरोहित का बताया गया है। मौके पर मिले चार लोगों ने खुद को मजदूर बताया।
बरामद खाद के नमूने जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।