महोबा जिले की कोतवाली चरखारी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अंतर जनपदीय बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की तीन बाइकें और चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ये बाइकें कालपी, कानपुर देहात और नई दिल्ली से चुराई थीं। पकड़े गए युवक पर पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं।
कैसे हुई गिरफ्तारी
कोतवाली प्रभारी राहुल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार देर शाम महोबा मार्ग पर मदारन देवी मंदिर मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मंदिर की तरफ से एक युवक बाइक पर आता दिखा।
पुलिस को देखते ही युवक बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पकड़े जाने के बाद युवक ने पुलिस को अपना नाम अभि उर्फ अवि अहिरवार बताया। वह चरखारी के बगरौन गांव का रहने वाला है।
पूछताछ में उसने तीन अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करने की बात कबूल की। इसके साथ ही पुलिस ने उसके पास से चांदी के गहने भी बरामद किए।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब बरामद संपत्ति के असली मालिकों की तलाश में जुटी है।