मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा में मंगलवार शाम बाजार में महिलाओं से छेड़खानी के विरोध पर दो गुटों में मारपीट हो गई। इस झड़प में महिला के पक्ष का एक युवक घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना नैनीताल बैंक के पास स्थित एक दुकान के बाहर हुई। महिलाएं दुकान पर कॉस्मेटिक खरीद रही थीं, तभी वहां खड़े कुछ युवकों ने उन्हें छेड़ना शुरू कर दिया।
परिचित युवक ने किया विरोध
महिलाओं के परिचित एक युवक ने आपत्ति जताई तो आरोपी युवक भड़क गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा।
इस दौरान महिला के पक्ष का युवक घायल हो गया। घायल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
दूसरे पक्ष ने भी की शिकायत
इसी बीच दूसरा पक्ष भी कोतवाली पहुंच गया। उसने भी अपने साथ मारपीट होने की शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण आगे किसी कार्रवाई की नौबत नहीं आई।