बहराइच के नानपारा में बुधवार देर रात एक स्थानीय फल व सब्जी मंडी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस आगजनी में दो आढ़तियों की दुकानों में रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।
फलों के साथ नया ट्रैक्टर भी जला
मोहल्ला तोपखाना निवासी फल आढ़ती मोहम्मद रईस की दुकान में तमाम तरह के फल रखे हुए थे। आग में करीब 12 लाख रुपये के फल जलकर नष्ट हो गए।
इसी दौरान रईस के भाई साबिर का नया आईसर ट्रैक्टर भी पूरी तरह जल गया। साबिर ने यह ट्रैक्टर महज 45 दिन पहले ही खरीदा था।
आलू व्यापारी को भी भारी नुकसान
मोहल्ला कबाड़ियान टोला निवासी आलू आढ़ती जुनैद फरहान की दुकान में रखा 3 से 4 लाख रुपये का आलू भी आग की भेंट चढ़ गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात करीब 1 बजे एक वाहन चालक ने दुकानों से उठता धुआं देखा। उसने तुरंत दुकान मालिकों को इसकी सूचना दी।
दमकल कर्मियों ने पाया आग पर काबू
सूचना पाते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन व दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नानपारा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुहेल अहमद ने अग्नि पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने व्यापारियों से उनके नुकसान की जानकारी ली।