गुजरात के कच्छ जिले में एक बोलेरो पिकअप और हैवी ट्रक की भीषण टक्कर में शुक्रवार सुबह 7 लोगों की मौत हो गई। घटना खवड़ा के पास नवीकरणीय ऊर्जा पार्क के अंदर सुबह 4 बजे के करीब हुई, जब दोनों गाड़ियां आमने-सामने चल रही थीं।
इनमें उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के छह निवासी शामिल हैं। मृतकों में रामपुर मथुरा क्षेत्र के बिंद्रा पुरवा के कुलदीप और संदीप, दहला के दिनेश और अनिल, बरूवा बेहड़ा के अनूप तथा खनेवा के देशराज हैं।
टक्कर में पिकअप टूट गई
खवड़ा पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एमबी चावड़ा के अनुसार, टक्कर के बाद बोलेरो पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी के अंदर फंसे 7 लोगों को बाहर निकालने के लिए क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा।
पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। कच्छ कलेक्टर अनिल रणवसिया ने भुज सिविल अस्पताल में इस बात की पुष्टि की।
20 से अधिक घायल
हादसे में 20 से 22 लोग घायल हुए। सभी को भुज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।
खबर मिलते ही सीतापुर के गांवों में गहरा शोक पसर गया। मृतकों के परिवार गंभीर संकट में हैं।