सहारनपुर में दिल्ली रोड पर सरस्वती विहार स्कूल के पास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार वर्ना कार ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी कार के नीचे फंस गई और कार उसे काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई।
बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे भी तोड़ दिए। खंभे टूटने से बिजली के तार सड़क पर आ गए, जिससे करंट फैलने के डर से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो महिलाएं सफेद रंग की यूपी 11 BK सीरिज की स्कूटी पर हसनपुर चौक की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान मेरठ नंबर की वर्ना कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 15 बीएच 4022 बताया गया, ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही महिलाएं स्कूटी से सड़क पर गिर गईं, इसलिए वे कार के नीचे फंसने से बच गईं। हालांकि गिरने से दोनों को गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना स्थल और स्कूटी की हालत देखकर मौजूद लोगों ने कहा कि महिलाएं बच नहीं पाई होंगी। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर कार के नीचे फंसी स्कूटी को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला।
अस्पताल में उपचार, एक की हालत गंभीर
पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों महिलाओं को नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इनमें से एक महिला की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
पॉवर कॉर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर आ गए बिजली के तार हटवाए, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।
कार सवार युवक फरार, नशे की आशंका
हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई कि दोनों शराब के नशे में थे, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर सकी है।
चश्मदीदों ने बताया कि दोनों युवक बेहद तेज रफ्तार से कार दौड़ा रहे थे और कार सड़क पर सांप की तरह इधर-उधर भाग रही थी। उनका यह भी कहना था कि अगर उस वक्त स्कूटी के पास कोई और वाहन होता तो कार उससे भी टकरा जाती।
पुलिस कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर सवारों की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार युवकों को जल्द पकड़ा जा सके।