सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल से सोमवार को एक महिला नवजात शिशु को लेकर फरार हो गई। महिला ने खुद को अस्पताल स्टाफ का सदस्य बताकर बच्चे को टीका लगवाने के बहाने मां की गोद से उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपित महिला नवजात को ले जाते हुए दिखाई दी।
कैसे हुई घटना
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम रविवार सुबह अपनी पत्नी शबाना को प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रविवार रात करीब 1:22 बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया।
सोमवार दोपहर नाजिम नवजात को टीका लगवाने के लिए आपरेशन थिएटर के पास ले गया। करीब 12:15 बजे एक महिला वार्ड में पहुंची, जहां बच्चा मां के पास सो रहा था।
आरोपित महिला ने आशा वर्कर की वर्दी पहन रखी थी और मुंह पर मास्क लगाया हुआ था। खुद को अस्पताल स्टाफ का सदस्य बताते हुए उसने नवजात को टीका लगवाने की बात कही और बच्चे को गोद में ले लिया।
इसके बाद महिला ने नाजिम से टीके का कार्ड लाने के लिए कहा। नाजिम कार्ड लेने चला गया। कुछ देर बाद जब वह लौटा तो महिला वहां मौजूद नहीं थी।
नाजिम ने आसपास महिला और बच्चे की तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। उसने तुरंत अस्पताल प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
फुटेज में क्या दिखा
पुलिस को मिली फुटेज में सफेद कपड़े पहने महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल परिसर में घूमती दिखी। स्वजन को भ्रमित करने के लिए वह बच्चे को लेकर सीएमओ कार्यालय की तरफ भी गई, ताकि किसी को शक न हो।
इसके बाद मौका मिलते ही सिक्योरिटी को चकमा देकर महिला मुख्य द्वार से नवजात को लेकर फरार हो गई। पुलिस अब आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा, "जिला महिला अस्पताल से बच्चा चोरी होने की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बच्चे को अस्पताल से बाहर ले जाती दिखाई दे रही है।"
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चे को बरामद किया जाएगा।