Skip to content
24/7 News Uttar Pradesh

संभल में नाबालिग प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले

परिवारों की रातभर तलाश के बाद खेत में मिले 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी के शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा

संभल के खेत में पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके की जांच करते हुए

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक नाबालिग प्रेमी युगल के शव शनिवार सुबह खेत में पेड़ से लटके मिले। मृतकों की पहचान चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के सैजनी गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर और 16 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है।

दोनों परिवारों के घर एक-दूसरे से महज सात-आठ मकानों की दूरी पर हैं, वहीं गांव के बाहर उनके घेर आपस में सटे हुए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था।

बंदिशों के बाद उठाया कदम

परिजनों को कुछ समय पहले ही इस रिश्ते की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दोनों पर पाबंदियां लगा दी गई थीं। मृतक किशोर की मां ने बताया कि उसका बेटा पिछले दो दिनों से गांव में चल रहा गणेश मेला देखने जा रहा था।

शुक्रवार शाम करीब सात बजे भी वह मेला देखने के बहाने घर से निकला था। रात करीब 11 बजे जब किशोरी के घर से गायब होने की जानकारी मिली, तो उसकी मां किशोर के घर पहुंची और उसके बारे में पूछताछ करने लगी। इसके बाद दोनों परिवारों ने मिलकर तलाश शुरू की, लेकिन रातभर खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला।

खेत में मिले शव

शनिवार सुबह करीब नौ बजे बनियाठेर थाना क्षेत्र के नेहटा गांव निवासी किसान नीरज शर्मा अपने धान के खेत पर पहुंचे। वहां ट्यूबवेल की कोठरी के पास आम के पेड़ पर उन्हें युगल के शव फंदे से लटके मिले।

किशोर के गले में गुलाबी रंग का दुपट्टा और किशोरी के गले में काले रंग का गोल्डन बॉर्डर वाला गमछा कसा हुआ था। मौके से किशोरी की चप्पल भी बरामद हुई, जबकि किशोर की जेब से किशोरी का कीपैड मोबाइल फोन मिला।

सूचना मिलते ही सीओ विवेक जावला, कोतवाल संत कुमार और बनियाठेर थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस का बयान

सीओ विवेक जावला ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

वहीं एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान ने जंगल में पेड़ से शव लटके होने की सूचना पुलिस को दी थी। अधिकारी ने बताया कि मामले के तथ्यों की पुष्टि होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।