उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। शादी के करीब 18 घंटे बाद दूल्हा और दुल्हन दोनों संदिग्ध हालात में मृत पाए गए। दुल्हन का शव कमरे के फर्श पर मिला, जबकि दूल्हा फंदे से लटका मिला।
देशराज जनियाजोत गांव का रहने वाला था और अनीता कड़जहवा गांव की निवासी थी। दोनों गांवों के बीच लगभग 15 किलोमीटर की दूरी है। तीन महीने पहले दोनों परिवारों ने रिश्ता तय किया था और मई 2027 में शादी की तारीख रखी गई थी। जुलाई में सगाई भी हो गई थी।
अचानक बदला शादी का फैसला
देशराज दिल्ली में पानीपुरी की दुकान पर काम करता था और फोन पर अनीता से बात करता रहता था। करीब 15 दिन पहले वह दिल्ली से घर लौटा था। इसी दौरान अनीता भी अचानक उसके घर आ गई, जिसके बाद दोनों परिवारों ने तुरंत शादी करने का फैसला ले लिया।
मंदिर में फेरे, फिर रात भर चला जश्न
सोमवार, 21 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में देशराज और अनीता ने सात फेरे लिए। शादी के बाद देशराज पत्नी अनीता को घर लेकर पहुंचा। शाम को रिश्तेदारों और पट्टीदारों के लिए भोज हुआ, जो रात करीब 11 बजे तक चला।
इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने डीजे पर डांस भी किया। भोज खत्म होने के बाद घर के सभी लोग सोने चले गए।
सुबह दरवाजा खुला तो अंदर मिली दोनों की लाश
मंगलवार सुबह करीब 7 बजे देशराज की मौसी मीनाक्षी अनीता को जगाने कमरे तक पहुंचीं। बाहर से आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं आया। दरवाजा खटखटाने पर वह खुल गया।
अंदर दोनों के शव देखकर मीनाक्षी ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन मौके पर दौड़े और देशराज के शव को फंदे से नीचे उतारा।
परिवार और पुलिस की क्या है राय
देशराज के पिता मुकेश चौहान दिल्ली में सब्जी बेचते हैं और शादी के चलते कुछ दिनों से घर पर ही थे। मां का नाम ममता है। देशराज का एक छोटा भाई अरुण और छोटी बहन कुच्ची भी है। परिवार दो मंजिला मकान में रहता है। अनीता के पिता पंचराम खेती-किसानी करते हैं।
पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि रात में किसी बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ होगा। इसके बाद पति ने पत्नी की हत्या कर खुद फंदे से जान दे दी होगी। हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की पुष्टि नहीं की है।
सीओ शिवेंदु सिंह ने बताया कि शादी के बाद पति-पत्नी के शव मिले हैं। उन्होंने कहा, "जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना सही नहीं होगा।" उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।