उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 6 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के आसार हैं।
5 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। वहीं पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। विभाग ने आज के लिए प्रदेश में कहीं भी मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
दो दिन चलेगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले चार-पांच दिनों से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहा है, जिसके चलते दिन में तेज धूप से लोगों को गर्मी महसूस हो रही थी। अब 48 घंटे बाद यानी 5 अक्टूबर से मौसम में दोबारा बदलाव देखने को मिलेगा।
लखनऊ और आसपास के जिलों के साथ-साथ पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में 5 और 6 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 6 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के अधिकतर इलाकों में हल्की बारिश दर्ज हो सकती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कोई गंभीर चेतावनी या भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
7 अक्टूबर से थम जाएगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश का दौर लंबा नहीं चलेगा। 7 अक्टूबर से बारिश की गतिविधि पूरी तरह रुक जाएगी और इसके बाद 12 अक्टूबर तक राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है।
इस छोटे दौर के बाद मौसम मुख्य रूप से साफ और सामान्य बना रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 29-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अभी कैसा है तापमान
लखनऊ में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शनिवार तक 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में तापमान ज्यादातर स्थिर रहा।
बांदा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस और इटावा में 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी यूपी में 5 से 8 अक्टूबर के बीच कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में 6 और 7 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज हो सकती है।