उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS-2025 परीक्षा की मुख्य परीक्षा में सफल रहे 2297 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तारीखें जारी कर दी हैं। आयोग के अनुसार साक्षात्कार 28 सितंबर से शुरू होकर 24 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।
सभी साक्षात्कार प्रयागराज स्थित आयोग परिसर में दो पालियों में आयोजित किए जाएंगे। सुबह वाली पाली 9:30 बजे शुरू होगी, जबकि दूसरी पाली का समय दोपहर 2 बजे तय किया गया है। आयोग ने विस्तृत कार्यक्रम अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिया है।
22 सितंबर से डाउनलोड होगा इंटरव्यू लेटर
साक्षात्कार के लिए चयनित अभ्यर्थी 22 सितंबर से आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना साक्षात्कार पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने निर्देश दिया है कि अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन अधिमान्यता पत्र और अन्य जरूरी सूचनाएं सावधानी से भरकर सेव व सबमिट करें।
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को पांच फोटो और मूल प्रमाणपत्र साथ लेकर पहुंचना अनिवार्य होगा।
दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां जरूरी
ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र और भाग-तीन प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने होंगे। साथ ही सभी शिक्षा संबंधी दस्तावेजों व प्रमाणपत्रों की खुद प्रमाणित की गई प्रतियां भी संलग्न करनी अनिवार्य होंगी।
जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों को जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित संबंधी प्रमाणपत्र और दिव्यांगता प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज भी साथ लाने होंगे।
आयोग के मुताबिक, अभ्यर्थी की योग्यता और आवेदन के अनुसार जिस समूह में उसे सफलता मिली है, उसी समूह के पदों का विकल्प ऑनलाइन सिस्टम में प्राथमिकता क्रम में नजर आएगा। हर पद के सामने अधिमान्यता वाले कॉलम में जो हिदायतें दी गई हैं, अभ्यर्थियों को उन्हीं के मुताबिक अपने प्रमाणपत्र जमा करने होंगे।
मुख्य परीक्षा में 2297 अभ्यर्थी सफल
आयोग ने गुरुवार को PCS-2025 मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया था, जिसमें कुल 2297 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया। अब इन अभ्यर्थियों के चयन की अगली प्रक्रिया साक्षात्कार के जरिए पूरी होगी।