उत्तर प्रदेश में 21 से 23 सितंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। इस अवधि में बारिश की संभावना न के बराबर होगी।
भारतीय मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, आसमान साफ रहने से दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकेगी। इससे लोगों को हल्की उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। किसानों के लिए यह समय कृषि कार्यों के लिए अनुकूल रहेगा।
24-25 सितंबर को बारिश की संभावना
24 और 25 सितंबर को एक बार फिर मौसम में बदलाव आ सकता है। इन दोनों दिनों पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की फुहारें या बौछारें पड़ने की संभावना है।
पश्चिमी यूपी में मौसम का हाल
प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, पश्चिमी यूपी में आने वाले दिनों में मुख्य रूप से साफ और शुष्क मौसम रहेगा। 19 और 20 सितंबर को क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 21 से 23 सितंबर तक धूप खिलने से तापमान बढ़ेगा।
पूर्वी यूपी में छिटपुट बारिश
पूर्वी यूपी के जिलों में पश्चिमी हिस्से की तुलना में बारिश की गतिविधियां ज़्यादा देखने को मिल सकती हैं। 19 और 20 सितंबर को कई स्थानों पर बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 21 से 23 सितंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, फिर 24-25 सितंबर को छिटपुट जगहों पर बारिश की फुहारें पड़ने की संभावना है।
कोई गंभीर चेतावनी नहीं
मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह (19 से 25 सितंबर) के लिए 'नो वार्निंग' यानी हरे रंग का अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि राज्य के किसी भी जिले में भारी बारिश या आंधी-तूफान का कोई खतरा नहीं है। किसान और आम नागरिक अपने दैनिक कार्य बिना किसी मौसम बाधा के आसानी से कर सकते हैं।