उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विस्तार होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने 17 और 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कैंप लगाने का निर्देश दिया है।
दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी।
किन्हें कर सकते हैं आवेदन
जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे इन दिनों अपने मतदान केंद्र पर जाकर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहली बार मतदाता बनना चाहने वाले युवा भी आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन के समय आवेदकों को नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि और पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तारीखों पर अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर पहले अपना नाम सूची में देखें।
अतिरिक्त तैयारी
प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक संगठनों को भी कैंप की तारीखों की जानकारी दी है।