लखनऊ विकास प्राधिकरण की दो बड़ी टाउनशिप योजनाओं, नैमिष नगर और वरुण विहार, का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। शाम चार बजे मुख्यमंत्री भूमि पूजन के साथ भूखंडों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कराएंगे।
इसी कार्यक्रम में एलडीए की पांच अपार्टमेंट परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा। दोनों योजनाओं में कुल 4526 आवासीय भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। यह प्रक्रिया 24 सितंबर से 24 अक्तूबर तक, एक महीने के लिए, जारी रहेगी।
वरुण विहार में सस्ते दर पर भूखंड
आगरा एक्सप्रेसवे क्षेत्र के पास बन रही वरुण विहार योजना में 112.5 वर्ग मीटर से 450 वर्ग मीटर तक के 2847 भूखंड मिलेंगे। इनकी कीमत 2800 रुपये प्रति वर्ग फुट तय की गई है।
नैमिष नगर में साइज के हिसाब से भूखंड
सीतापुर रोड पर बन रही नैमिष नगर योजना में कुल 1679 भूखंड उपलब्ध होंगे। इसमें 72 वर्ग मीटर के 197, 112.5 वर्ग मीटर के 524, 162.5 वर्ग मीटर के 520, 200 वर्ग मीटर के 299, 288 वर्ग मीटर के 103 और 450 वर्ग मीटर के 30 भूखंड शामिल हैं।
यहां भूखंड की कीमत 3800 रुपये प्रति वर्ग फुट रखी गई है। दोनों योजनाओं को मिलाकर कुल 12,600 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है।
एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी की योजना
एलडीए ने वरुण विहार को आगरा एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए यूपीडा और शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके तहत एक्सप्रेसवे से योजना में उतरने के लिए एक विशेष रैंप बनाया जाएगा।
अभी तक वरुण विहार तक पहुंचने के लिए लोगों को एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड का सहारा लेना पड़ता है। प्रस्तावित रैंप सिर्फ योजना में प्रवेश के लिए काम करेगा, यानी लखनऊ या अन्य दिशा से आने वाले वाहन सीधे उतर सकेंगे। हालांकि वापसी में लोगों को पहले की तरह सर्विस रोड ही इस्तेमाल करनी होगी। एलडीए के एक अधिकारी ने बताया कि एक्सप्रेसवे यूपीडा के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए इस बारे में पत्र भेजा गया है।
कार्यक्रम के चलते रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए बुधवार को कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बदल दी गई है। आगरा एक्सप्रेस वे अंडरपास से वाहन घुरघुरी तालाब मोहान रोड या मलिहाबाद होकर गुजरेंगे।
खुशहालगंज किसानपथ अंडरपास से वाहन बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास के बजाय घुरघुरी तालाब मोहान रोड या बुद्धेश्वर से भेजे जाएंगे। मौंदा चौराहा से वाहनों को घुरघुरी तालाब मोहान रोड या बुद्धेश्वर होकर निकाला जाएगा। बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास से वाहन वहीं से यू-टर्न लेकर आगे बढ़ेंगे।
बड़ागांव आगरा एक्सप्रेस वे अंडरपास से वाहन मोहान रोड या बबुरियाखेड़ा किसानपथ अंडरपास से गुजरेंगे। कठहिंगरा अंडरपास से वाहन गांव होते हुए घुरघुरी तालाब मोहान रोड जाएंगे। भलिया अंडरपास से वाहन मोहान रोड घुरघुरी तालाब से निकलेंगे, जबकि झलियामऊ अंडरपास से वाहन कठहिंगरा अंडरपास होकर गुजरेंगे।