लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गांधी जयंती के मौके पर राजधानी में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों को बड़ी सौगात दी है। मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना के अदिति अपार्टमेंट में 1,392 फ्लैटों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इस योजना में 412 फ्लैट प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत और 980 फ्लैट अफोर्डेबल हाउसिंग योजना के तहत बनाए जा रहे हैं। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इन घरों की कीमत इस तरह रखी गई है कि आम आदमी भी आसानी से अपना घर खरीद सके।
कितनी होगी फ्लैट की कीमत
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले 1BHK फ्लैटों की कीमत करीब 9 लाख रुपये रखी गई है। योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी के बाद खरीदारों को यह फ्लैट करीब 6.50 लाख रुपये में मिल सकता है।
वहीं अफोर्डेबल हाउसिंग योजना के 2BHK फ्लैटों की कीमत करीब 35 लाख रुपये तय की गई है। वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, सभी फ्लैटों की कीमत नौ लाख से 35 लाख रुपये के बीच है।
कैसे होगा पंजीकरण
इच्छुक लोग एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर जाकर 2 नवंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के लिए आवेदक को फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत जमा करना होगा।
आरक्षित वर्ग के आवेदकों को राहत देते हुए यह रकम घटाकर 2.5 प्रतिशत रखी गई है। सभी फ्लैटों का आवंटन लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा।
अदिति अपार्टमेंट का स्वरूप
योजना के आदर्श खंड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखंड पर अदिति अपार्टमेंट बनाया जा रहा है। यहां कुल पांच टावर बनाए जाएंगे।
अपार्टमेंट परिसर में करीब 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क और ग्रीन बेल्ट भी विकसित की जाएगी। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि यह योजना कम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।