लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पीछे बने श्रमिक कैंप में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई। PVC पैनल से बने तीन मंजिला कैंप के 33 कमरे देखते ही देखते जलकर राख हो गए।
इस कैंप में एयरपोर्ट के विकास कार्यों में लगे करीब 500 मजदूर रहते थे। हर मंजिल पर 11 कमरे बने थे, जिनमें से ज्यादातर आग की चपेट में आ गए।
खाना बनाते समय लगी आग
द सन्देश वाहक की रिपोर्ट के अनुसार, कैंप की बैरक नंबर-9 में खाना बनाते समय अचानक आग भड़की। PVC पैनल जल्दी आग पकड़ लेते हैं, इसलिए आग कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत में फैल गई।
धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 9 गाड़ियां और वॉटर बाउजर मौके पर पहुंचे। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जान बचाने के लिए कूदा मजदूर
आग के दौरान पहली मंजिल से बाहर निकलते समय एक मजदूर ने नीचे छलांग लगा दी। इससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। खाना बना रहे एक अन्य मजदूर के पैर में भी चोट आई। इस हादसे में कुल दो मजदूर घायल हुए, हालांकि किसी के झुलसने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मी और सरोजनी नगर पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य में जुटी रही। घायल मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए भेजा गया।
जांच जारी
आग लगने की वजह और नुकसान का सही आकलन अभी किया जा रहा है। पुलिस और एयरपोर्ट प्रशासन कैंप की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रहे हैं।