लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्किंग अब पहले से महंगी हो गई है। गुरुवार आधी रात से नई दरें लागू कर दी गई हैं, जिनमें बाइक, ऑटो, निजी कार से लेकर बस और ट्रक तक के शुल्क अलग-अलग तय किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव निजी वाहनों की मुफ्त पार्किंग अवधि में हुआ है। पहले कार और एसयूवी के लिए 10 मिनट तक पार्किंग मुफ्त थी, अब यह सीमा घटाकर आठ मिनट कर दी गई है। एयरपोर्ट संचालक के मुताबिक संशोधित शुल्क देश के अन्य हवाई अड्डों पर लागू व्यवस्था के अनुरूप रखे गए हैं।
दोपहिया और ऑटो के लिए कितना शुल्क दोपहिया वाहन से एयरपोर्ट आने पर आठ मिनट तक 50 रुपये देने होंगे। 30 से 60 मिनट तक ठहरने पर 100 रुपये लगेंगे, जबकि 24 घंटे के लिए अधिकतम शुल्क 300 रुपये तय किया गया है। ऑटो के लिए 30 मिनट तक 80 रुपये और एक घंटे तक 100 रुपये चुकाने होंगे। अगर ऑटो 24 घंटे तक खड़ा रहता है तो अधिकतम शुल्क 500 रुपये लिया जाएगा। निजी कार और कमर्शियल वाहनों की दरें निजी कार व एसयूवी के लिए आठ मिनट तक पार्किंग मुफ्त रहेगी। इसके बाद 30 मिनट तक 180 रुपये देने होंगे, जो पहले 150 रुपये था। एक घंटे तक रुकने पर 200 रुपये और 24 घंटे के लिए अधिकतम 1000 रुपये शुल्क लगेगा। कमर्शियल कार के लिए आठ मिनट से ही 200 रुपये शुल्क तय किया गया है। इस श्रेणी में 24 घंटे तक अधिकतम शुल्क 1200 रुपये होगा। टेंपो, छोटा हाथी, पिकअप, मिनी बस, बस और ट्रक जैसे बड़े वाहनों के लिए आठ मिनट तक 600 रुपये देने होंगे। इन वाहनों का 24 घंटे का अधिकतम शुल्क 3000 रुपये रखा गया है।
मासिक पास की दरें भी बढ़ीं मासिक पास के तहत स्टाफ दोपहिया वाहन के लिए 300 रुपये और स्टाफ चार पहिया वाहन के लिए 800 रुपये शुल्क तय किया गया है। कमर्शियल टैक्सी और ऑटो के लिए मासिक पास 1000 रुपये का होगा। कैश कैरी वैन के लिए 1500 रुपये, क्रू वाहन के लिए 8000 रुपये, होटल वाहन के लिए 15,000 रुपये और क्रूजर के लिए 20,000 रुपये मासिक शुल्क निर्धारित किया गया है। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ किया है कि नो-पार्किंग जोन या पिक-अप-ड्रॉप लेन में तय समय से अधिक रुकने वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी। ऐसे वाहनों के पहिये क्लैंप किए जाएंगे या क्रेन से हटाया जाएगा।