सरधना के मढ़ियाई गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर से चोरों ने ताले तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की खबर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचने पर चली।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रूबी पुंडीर के अनुसार, 17 सितंबर को उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर ड्यूटी की। ड्यूटी खत्म होने के बाद केंद्र के कमरों में ताला लगाकर वह घर चली गईं।
अगली सुबह 18 सितंबर को जब वह केंद्र पहुंचीं तो सभी ताले टूटे हुए मिले। अंदर की जांच में चार पंखे, एक फ्रिज, इन्वर्टर, बैटरी और एक स्क्रीनिंग लाइट गायब पाई गई।
पुंडीर ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थानेदार आशुतोष कुमार ने बताया कि केंद्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है और चोरों की पहचान के लिए कार्रवाई चल रही है।