पीलीभीत टाइगर रिजर्व में अब सैलानी साल में आठ महीने तक वन्यजीवों को देख सकेंगे। राज्य शासन ने एक नवंबर से 30 जून तक रिजर्व को पर्यटकों के लिए खोलने का आदेश जारी कर दिया है।
इससे पहले रिजर्व आमतौर पर 15 नवंबर से 15 जून तक खुला रहता था। मानसून के समय इस क्षेत्र में पर्यटकों को प्रवेश नहीं दिया जाता था। पिछले साल पहली बार सत्र एक नवंबर को शुरू किया गया था और यह 30 जून तक चला। साल 2024-25 में पर्यटन सत्र छह नवंबर से शुरू हुआ था।
एक महीने का अतिरिक्त समय
नई व्यवस्था से बाहर से आने वाले सैलानियों को पहले की तुलना में करीब एक महीने अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे उन्हें अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी।
नई तारीख तय हो जाने से हर साल पर्यटन सत्र शुरू करने को लेकर जो असमंजस की स्थिति रहती थी, वह अब खत्म हो गई है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की समृद्ध जैव विविधता, घने जंगल और बाघों की मौजूदगी के लिए देश-दुनिया में पहचान है। रिजर्व प्रशासन नए सत्र की तैयारियां शुरू कर चुका है।